Uttarakhand and National-Current Affairs Hindi News Portal

भाजपा की प्रचंड जीत के बाद बुल्डोजर पर निकला जुलुस 

उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर प्रचंड जीत हासिल की है। ब्रज की बात करें तो मथुरा और आगरा की सभी 14 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम फहराया है। आगरा में भाजपा की जीत का जश्न जारी है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर के बाहर आतिशबाजी कर भाजपा की जीत की कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। योगी मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए गए। बुलडोजर पर सवार होकर खंदारी चौराहे से कार्यकर्ता भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया के आवास पर पहुंचे। गुरुवार को आए चुनाव नतीजों के बाद जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। मथुरा और वृंदावन में भाजपा की जीत का गुलाल उड़ा। वृंदावन में भी भाजपाइयों ने बुलडोजर को फूलों से सजाकर नगर में जुलूस निकाला।

वृंदावन में वन महाराज व्यापार मंडल ने अंग्रेज मंदिर के सामने योगी सरकार की जीत पर आतिशबाजी की और मिठाई खिलाई। भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष ठाकुर हरिवल्लभ सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत आम जनता की जीत है। अटल्ला चुंगी पर पार्षद मुन्नालाल निषाद, हेमंत भारती, जितेंद्र वार्ण्णेय, गोलू आदि ने बुलडोजर सजाया और मिठाई बांटीं।आगरा में पार्टी की जीत के बाद भाजपाइयों ने बुलडोजर के साथ यात्रा निकाली। ढोल नगाड़ों के साथ यात्रा राजा की मंडी रेलवे स्टेशन से तोता के ताल, लोहामंडी, मदिया कटरा, सेंट जोंस होते हुए राजा की मंडी स्थित चामुंडा मंदिर पहुंची। इस दौरान बुलडोजर का लोगों ने जगह-जगह पूजन किया।

भारतीय जनता पार्टी महानगर आगरा के सदस्यों ने पार्टी की जीत के बाद योगेंद्र उपाध्याय का उनके निवास स्थान ईदगाह कॉलोनी में स्वागत किया और मिठाइयां बांटी। इसके बाद जोगीपाड़ा स्थित काली मंदिर पर जीत का जश्न मनाया। पार्टी की प्रचंड जीत पर आगरा के महापौर भी जमकर नाचे।

सिंधी समाज ने भाजपा के जीतने पर खुशी जताई। समाज के प्रमुख लोगों ने प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ऐतिहासिक वापसी की बधाई दी और लड्डू बांटे। देहात में भी भाजपा समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। बाह के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर सवार होकर जश्न मनाया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.