ब्लड प्रेशर कम होने के पीछे हो सकती हैं ये सारी वजहें
डीहाइड्रेशन- डीहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी, जिसके कारण लंबे समय तक नॉज़िया, वॉमिटिंग या डायरिया जैसी समस्याएं हो जाती हैं। ज्यादा एक्सरसाइज, शारीरिक श्रम या लू लगने के कारण भी ऐसा हो सकता है। इससे दृष्टि में धुंधलापन और बेहोशी जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं।
ब्लीडिंग- ज्यादा खून बहने से भी ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। चाहे यह ब्लीडिंग किसी एक्सीडेंट या ऑपरेशन की वजह से हो या किसी और कारण से। कई बार डिलीवरी के बाद भी खून की कमी से स्त्रियों में ब्लड प्रेशर की समस्या हो जाती है।
दिल से जुड़ी बीमारियां- दिल की मांसपेशियां कमजोर होने की स्थिति में भी हार्ट बहुत कम मात्रा में खून को पंप कर पाता है। इससे शरीर में रक्त-प्रवाह धीमी गति से होता है और व्यक्ति का ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। इससे हार्ट अटैक और दिल में इंफेक्शन का भी खतरा बढ़ जाता है। हार्ट की आर्टरीज़ में ब्लॉकेज होने के अलावा दिल की धड़कन धीमी होने की वजह से भी ब्लड प्रेशर लो हो जाता है।
गंभीर इंफेक्शन- सेप्टिसीमिया या कोई गंभीर इंफेक्शन होने पर भी बीपी तेजी से नीचे चला जाता है।
हाइपो थायरॉयडिज्म- जब थायरॉयड ग्लैंड से हॉर्मोन का सिक्रीशन कम हो जाता है तो ऐसी स्थिति में भी लो बीपी की समस्या हो सकती है।