हरियाणा के पिंजौर में करीब 60-70 एकड़ भूमि पर बनेगी फिल्म सिटी
हरियाणा। सरकार फिल्म निर्माताओं एवं कलाकारों की सुविधाओं के लिए फिल्म एवं मनोरंजन नीति बना रही है। पिंजौर में करीब 60-70 एकड़ भूमि फिल्म सिटी के लिए चिह्नित की गई है। इसके माध्यम से विशेष तौर पर हरियाणा और पंजाब की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। हरियाणा सरकार कलाकारों के साथ है, उनके हित के लिए आगे भी कार्य करते रहेंगे। कलाकारों को हरियाणा में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ये बातें शुक्रवार को चंडीगढ़ के होटल माउंट व्यू में कहीं। उन्होंने पंजाब व हरियाणा के दिग्गज कलाकारों को हरसंभव मदद के लिए आश्वस्त किया।
मौका प्रसिद्ध गायक दलेर महेंदी के हरियाणा सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों पर बनाए गए गीतों को रिलीज करने का रहा। दलेर मेहंदी व उनकी धर्मपत्नी के अलावा फिल्म अभिनेता हॉबी धालीवाल, गायक पम्मी बाई, अभिनेत्री निशा, दिलबाग सिंह, सपना चौधरी इत्यादि कलाकारों ने भी गीतों को रिलीज किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब-हरियाणा पहले एक ही प्रांत था। 1966 में हरियाणा अस्तित्व में आया। उस समय लगता था कि पंजाब बहुत विकसित है।