आठ फीट गहरे पानी के हौज में गिरी पांच साल की बच्ची, डूबने से हुई मौत
मध्यप्रदेश। पानी के हौज में डूबने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते हौज के पास पहुंची और उसमें जा गिरी। दो घंटे बाद उसका पता चला। परिजन उसे हौज से निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
घटना नरीमन सिटी में हुई। जानकारी के मुताबिक यहां एक निर्माणाधीन मकान में यह हादसा हुआ। बच्ची का नाम सुकमा (05) है। वह अपने पिता विष्णु कर्मा और और माता मंजू के साथ झोपड़ी में रहती थी। माता-पिता निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी करते हैं। खेलते-खेलते वह मकान में पहुंच गई। इस मकान में आठ फीट गहरा पानी का हौज है जिसे प्लायवुड से ढंककर रखा जाता है लेकिन शनिवार को प्लायवुड की जगह उस पर गत्ते रख दिए थे।
बच्ची खेलते-खेलते हौज पर रखे गत्तों पर चढ़ी तो उसके वजन से गत्ते दब गए और बच्ची हौज में जा गिरी। करीब दो घंटे तक बच्ची नहीं लौटी तो माता-पिता ने तलाश शुरू की। इसी दौरान हौज में गिरने का पता चला। उसे हौज से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्ची के पिता के अनुसार उनका परिवार मूल रूप से देवास जिले के गांव का रहने वाला है। कुछ महीने पहले यहां चौकीदारी के लिए आए थे। घटना के वक्त वह घर में सोया था जबकि पत्नी मजदूरी के लिए गई थी।
बड़ी बेटी कंचन और रोशनी के साथ छोटी बेटी सुकमा खेल रही थी। दोनों बेटी घर में आ गई थी लेकिन सुकमा नहीं आई तो तलाश की। इसके बाद उसके हौज में गिरने का पता चला। आसपास के लोगों की मदद से बच्ची को हौज से निकालकर अस्पताल ले गए थे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच कर रहे हैं। किसी की लापरवाही सामने आई तो केस दर्ज किया जाएगा।