गृह मंत्री अमित शाह आज लॉन्च करेंगे असम सरकार का मासिक समाचार पत्र
असम। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय असम दौरे पर हैं। इस बीच असम सरकार ने घोषणा की है कि राज्य सरकार अपना मासिक अखबार निकालेगी। आज केंद्रीय गृहमंत्री असम सरकार के मासिक समाचार पत्र को लॉन्च करेंगे। दरअसल, असम सरकार को आज एक साल पूरा हो रहा है। ऐसे में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। इसी मौके पर सरकार का मासिक अखबार भी लॉन्च किया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री गुवाहाटी में पिछले 25 वर्षों की सेवा के लिए असम पुलिस को ‘राष्ट्रपति कलर अवार्ड’ से सम्मानित करेंगे।
ई–जनगणना जल्द
असम प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जल्द देश में अगली जनगणना ई-मोड के जरिये की जाएगी। प्रक्रिया के डिजिटल होने से अगली जनगणना के दौरान सौ फीसदी सटीक गणना की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा, इसके आधार पर अगले 25 साल के लिए देश के विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। असम जैसे राज्य के लिए यह और भी महत्वपूर्ण है।