MP सीएम शिवराज ने 108 संजीवनी एंबुलेंस का किया लोकार्पण
मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाल परेड ग्राउंड भोपाल में एकीकृत रेफरल ट्रांसपोर्ट प्रणाली में 108 संजीवनी एंबुलेंस एवं जननी एक्सप्रेस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीमार व्यक्ति के जीवन बचाने का अभियान हैमुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कोई गंभीर बीमार व्यक्ति फोन करता है तो यह एंबुलेंस तुरंत पहुंच जाती है और उसे अस्पताल पहुंचाती है। समय पर इलाज मिल जाता है। तो जिंदगी बचाई जा सकती है। 108 संजीवनी एंबुलेंस बीमार जनता का जीवन बचाने का अभियान है। यह संजीवनी बूटी की तरह काम करती है। सीएम ने कहा कि 108 संजीवनी एंबुलेंस से मरीज सरकारी अस्पताल तो जा ही सकते हैं, लेकिन अब यह एंबुलेंस आयुष्मान योजना के अंतर्गत आने वाले अस्पतालों में भी मरीजों को लेकर जाएंगी। मरीज कॉल करेंगा, एंबुलेंस तत्काल हाजिर हो जाएगी। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। प्रदेश में आयुष्मान योजना से जुड़े 2 करोड़ 82 लाख नागरिकों के लिए यह सेवा उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोगियों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। एंबुलेंस सेवा से जुड़े सभी लोग ध्यान रखें, यह सिर्फ नौकरी नहीं है, आप मरीजों के लिए भगवान हैं। सभी जिले में 2-2 दिन के स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जहां कैंसर, ह्दय, किड़नी जैसी गंभीर बीमारियों का परीक्षण और उपचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना संकट पर जीत दर्ज की है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार सुद्ढ़ बनाया जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह एंबुलेंस समय पर पहुंचकर कई जिंदगियों को बचाने का काम करती है। प्रदेश में एंबुलेंस की संख्या बढ़कर 2052 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में एमपी 108 संजीवनी ऐप का भी लोकार्पण किया।