कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप के पहले ही दिन मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने लहराया जीत का परचम
मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल की छोटी झील में आयोजित 32वीं राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप के पहले दिन मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अर्जित शानदार शुरुआता की। प्रदेश की 47 सदस्यीय टीम में अकादमी के कुल 28 खिलाड़ी शामिल हैं। चैम्पियनशिप का आयोजन 10 मार्च से 13 मार्च, 2022 तक होगा।
चैम्पियनशिप में महिलाओं की 1000 मीटर सी-4 स्पर्धा में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी अंजली वशिष्ट, दीपा राजपूत, नीतू वर्मा और सरजू देवी की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक व 1000 मीटर के-2 जूनियर वूमेन स्पर्धा में आस्था दांगी और निहारिका जायसवाल की जोड़ी ने गोल्ड पर कब्जा जमाया।
1000 मीटर जूनियर वूमेन सी-1 स्पर्धा में शिवानी वर्मा ने स्वर्ण पदक और 1000 मीटर जूनियर मेन्स सी-2 स्पर्धा में नीरज वर्मा और देवेन्द्र सेन की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया। चैम्पियनशिप में 1000 मीटर के-4 जूनियर वूमेन स्पर्धा में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी आस्था दांगी, विनीता चानू, निहारिका जायसवाल और स्नेहा की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। वहीं, जूनियर वूमेन 1000 मीटर सी-2 स्पर्धा में मासूमा यादव और सनातोम्बी चानू ने रजत पदक प्राप्त किया।
महिलाओं की 1000 मीटर के-4 स्पर्धा में सुषमा वर्मा, आस्था दांगी, स्वाति गुप्ता और दीपाली की चौकड़ी ने रजत पदक जीता। जूनियर मेन्स 1000 मीटर सी-4 स्पर्धा में नीरज वर्मा, राज, रिषभ राठी और सुंदरम सूर्यवंशी की चौकड़ी ने कांस्य पदक अर्जित किया। चैम्पियनशिप के पहले दिन टीम में मध्य प्रदेश अकादमी की खिलाड़ी दीपा राजपूत, आस्था दांगी, निहारिका जायसवाल, शिवानी वर्मा, मासूमा यादव, सनातोम्बी चानू, नीरज वर्मा, देवेन्द्र सेन, सुषमा वर्मा, आस्था दांगी, स्वाति गुप्ता, दीपाली और सुंदरम सूर्यवंशी शामिल थे जिन्होंने पदक जीते।