त्रिपुरा में नए मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा ने ली शपथ
भाजपा नेता बिप्लब कुमार देब के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा ने राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद 69 वर्षीय डॉ साहा को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में नामित किया गया था। साहा ने त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।
साहा जिन्हें भाजपा ने त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना है वह राज्यसभा से पार्टी के सांसद भी हैं। भाजपा अपने नए सीएम से पूर्वोत्तर राज्य में बहुकोणीय मुकाबले के बीच विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत की ओर ले जाने की उम्मीद करेगी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस भी एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है। वहीं अचानक हुए इस राजनीतिक उठापटक से राज्य के लोग आश्चर्यचकित हैं।
2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए
साहा 2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्हें 2020 में पार्टी प्रमुख बनाया गया और इस साल ही वे मार्च में राज्यसभा के लिए चुने गए। दूसरी और पूर्व सीएम बन चुके बिप्लब कुमार देब ने राज्य में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25 साल के शासन को समाप्त करते हुए 2018 में त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।